क्या हमारा जीवन अतीत में घटी घटनाओं से तय होता है, या उन घटनाओं पर दी गई हमारी प्रतिक्रिया से?
क्या आपने कभी इस विचार पर ध्यान दिया है कि यदि अतीत ही सब कुछ तय करता, तो एक जैसे दुःख और संघर्ष झेलने वाले दो लोगों का जीवन एक जैसा क्यों नहीं होता? कोई व्यक्ति टूट जाता है, तो कोई उसी दर्द को अपनी सबसे बड़ी ताकत बना लेता है।
इसलिए अतीत एक घटना हो सकता है, हमारी पहचान नहीं।
ठीक वैसे ही जैसे किसी कार्य में असफल होना हमारी पहचान नहीं बन जाता। वह केवल हमारी यात्रा का एक हिस्सा होता है। असफलता हमें रोकने के लिए नहीं, बल्कि बेहतर बनने के लिए आती है।
अतीत की घटनाएँ हमें अनुभव देती हैं, हमें सिखाती हैं, हमारी सोच को परिपक्व बनाती हैं, लेकिन वे हमारा भविष्य तय नहीं करतीं। भविष्य का निर्माण हमारे आज के निर्णय और कर्म करते हैं।
कई बार कैद बाहर की नहीं, भीतर की होती है। वह हमारे मन में बैठी हुई आवाज़ होती है, जो बार-बार कहती है—”तुम यह नहीं कर सकते”, “अब बहुत देर हो चुकी है”, या “तुम्हारे बस की बात नहीं है।” यह आवाज़ वास्तव में हमारे भीतर कैद हो चुकी पुरानी घटनाओं की होती है, जो हमें आगे बढ़ने से रोकती हैं।
लेकिन प्रश्न यह है कि क्या हम जीवन में केवल एक जगह ठहरने के लिए आए हैं, या निरंतर आगे बढ़ने के लिए?
एक जहाज़ का लंगर उसे कुछ समय के लिए स्थिर रखने के लिए होता है। यदि उसी लंगर को हमेशा के लिए समुद्र की तह में गाड़ दिया जाए, तो क्या वह जहाज़ कभी अपनी मंज़िल तक पहुँच पाएगा? बिल्कुल नहीं। उसी प्रकार अतीत भी केवल एक पड़ाव होना चाहिए, स्थायी ठिकाना नहीं।
सच्ची आज़ादी तब शुरू होती है, जब हम यह स्वीकार कर लेते हैं कि हम अतीत को नहीं बदल सकते, लेकिन वर्तमान को बेहतर बना सकते हैं और भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
“अतीत हमारी स्मृति है, वर्तमान हमारी शक्ति है और भविष्य हमारी संभावनाएँ हैं।”
यदि हमारा समाज केवल अपने अतीत की सीमाओं में कैद रहता, तो शायद हम आज एक स्वतंत्र देश के नागरिक नहीं होते। हमारे समाज में महिलाओं की स्थिति भी पहले जैसी नहीं रही। एक समय था जब उन्हें शिक्षा पाने का अधिकार नहीं था और न ही घर से बाहर निकलने की स्वतंत्रता।
लेकिन कुछ साहसी और दूरदर्शी महिलाओं ने उस सोच को चुनौती दी। जैसे सावित्रीबाई फुले। यदि उन्होंने स्वतंत्र सोच और साहस के साथ आगे बढ़ने का निर्णय न लिया होता, तो शायद आज शिक्षा का अधिकार इतने व्यापक रूप में हमारे समाज तक नहीं पहुँच पाता।
हम सभी अपने अतीत को अपने साथ लेकर चलते हैं। लेकिन असली प्रश्न यह है कि क्या हम उससे सीख रहे हैं, या केवल उसे अपने कंधों पर बोझ बनाकर ढो रहे हैं?
क्योंकि कैद और आज़ादी के बीच केवल एक दरवाज़े का ही अंतर नहीं होता, कई बार यह अंतर हमारी दृष्टि का भी होता है।
अब मैं आपसे एक प्रश्न पूछना चाहती हूँ—
क्या आप अभी भी अपने अतीत में कैद हैं, या उससे आज़ाद होकर उससे कुछ सीखकर आगे बढ़ रहे हैं?
अपने अनुभव और विचार मेरे साथ अवश्य साझा करें। यह भी बताइए कि इस लेख में आपको क्या सबसे अच्छा लगा, किन बातों से आप सहमत हैं, और आपको कहाँ लगता है कि मैं और बेहतर लिख सकती हूँ। आपकी हर राय मेरे लिए महत्वपूर्ण है।
आज के लिए अलविदा मेरे मित्रों।